बेटी की गुहार के बाद भी नहीं मिला परिवार का सुराग, पुलिस की तीन टीमें जुटीं तलाश में; जमीन विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच
अहमदपुर, हेमंत त्रिपठी। राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में रहने वाले एक परिवार के तीन सदस्य पिछले 10 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। पिता, मां और भाई खेत में पानी देने के लिए सीहोर जिले के खाईखेड़ा गांव गए थे, लेकिन इसके बाद तीनों का कोई पता नहीं चला। लापता बेटे का मोबाइल फोन रास्ते में लावारिस हालत में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर तलाश शुरू की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। इधर, परिवार के तीन सदस्यों के अचानक गायब होने से बेटी किरण दांगी बदहवास है और लगातार पुलिस अधिकारियों से उन्हें जल्द तलाशने की गुहार लगा रही है।
3 नवंबर की रात खेत जाने निकले थे तीनों
जानकारी के अनुसार, करोंद निवासी सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती दांगी और बेटा राजेश दांगी 3 नवंबर की रात सीहोर जिले के खाईखेड़ा गांव स्थित अपनी साढ़े तीन एकड़ पुश्तैनी जमीन पर पानी देने की बात कहकर घर से निकले थे। तीनों ने अपनी 23 वर्षीय बेटी किरण दांगी को खेत जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद वे न तो वापस भोपाल लौटे और न ही परिवार के किसी सदस्य से उनका संपर्क हो सका।
किरण के मुताबिक, उसके माता-पिता और भाई 24 अक्टूबर को खेती-किसानी का काम देखने खाईखेड़ा गए थे। यह गांव उसकी मां का मायका भी है। 3 नवंबर की शाम करीब 7 बजे तीनों से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उन्होंने जल्द भोपाल लौटने की बात कही थी।
भाई का मोबाइल अनजान व्यक्ति को मिला
4 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे जब किरण ने पिता के मोबाइल पर फोन लगाया तो वह बंद मिला। इसके बाद उसने भाई राजेश के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन किसी अनजान व्यक्ति ने उठाया। उसने बताया कि बैरसिया मंडी जाते समय उसे सड़क पर मोबाइल पड़ा मिला था। इसके बाद उसने फोन काट दिया। भाई का मोबाइल लावारिस हालत में मिलने और तीनों से संपर्क टूटने के बाद किरण की चिंता बढ़ गई।
परिवार की तलाश में कोई जानकारी नहीं मिलने पर किरण अपने चाचा देवेंद्र दांगी के साथ अहमदपुर थाने पहुंची और तीनों की गुमशुदगी दर्ज कराई।
अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक लगा चुकी है गुहार
माता-पिता और भाई के लापता होने के बाद किरण लगातार उनकी तलाश के लिए प्रयास कर रही है। उसका कहना है कि वह अहमदपुर थाना प्रभारी, एसपी, कलेक्टर, विधायक, मंत्री, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी तक आवेदन देकर परिवार को तलाशने की मांग कर चुकी है। इसके बावजूद अब तक परिवार के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
जमीन विवाद और जम्मू जाने के पहलू की भी जांच
पुलिस मामले में कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुरेश दांगी का अपने साले के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। पुलिस इस विवाद को भी जांच के दायरे में रखकर संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है।
इसके अलावा पुलिस को लापता परिवार के करीब दो महीने पहले जम्मू जाने की जानकारी भी मिली है। इस संबंध में पुलिस की एक टीम वहां जाकर पड़ताल कर चुकी है। मामले में तीन पुलिस टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। हालांकि, 10 दिन बीतने के बाद भी सुरेश दांगी, ओमवती दांगी और राजेश दांगी का कोई पता नहीं चल सका है। अब परिवार की बेटी को अपनों की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।
.webp)